एटा। शहर के मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी विनोद यादव ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की शादी एक युवती से कराई गई थी जबकि युवती के परिजन पहले से ही उसकी शादी दूसरी जगह होने की बात जानते थे। आरोप है कि शादी के बाद महिला ने उनके पुत्र के साथ दांपत्य संबंध बनाने से इन्कार कर दिया और बाद में उसके दूसरे युवक के साथ संबंध होने की जानकारी सामने आई।
आरोप है 26 मई 2025 को शादी के दौरान महिला सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, कर्धनी, चूड़ियां और करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर घर से चली गई। विनोद यादव का आरोप है कि जानकारी होने पर महिला के मायके पक्ष से संपर्क किया गया लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में महिला के पति के रूप में बताए जा रहे साहिल यादव ने लिखित रूप से उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया। आरोप लगाया कि महिला के परिजन और अन्य लोगों ने मिलकर उसके पुत्र को धोखे में रखकर शादी कराई।
बाद में जेवर वापस मांगने पर कथित तौर पर धमकी दी गई कि 25 लाख रुपये नकद देने पर ही तलाक किया जाएगा अन्यथा दहेज और घरेलू हिंसा के मुकदमों में फंसा देंगे। मामले में विनोद यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।