कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दो बाइक सवार आमने-सामने से भिड़ गए। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार घटना के बाद बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आबिद (22) पुत्र साबिर अली निवासी ग्राम नगला मुन्ता सुबह करीब आठ बजे अपनी बाइक से गंजडुंडवारा बाजार में खरीदारी को गया था। जैसे ही वह बाइक लेकर पुल की ओर पहुंचा तभी सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। इस घटना में आबिद ने मौके पर दम तोड़ दिया। आबिद की हालत देख दूसरा बाइक सवार मौके से भाग गया। घटना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर आ गए। आबिद के परिवारीजनों और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पुलिस और परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। परिवारीजन आबिद को लेकर चिकित्सालय पहुंचे यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी जब उसके गांव में पहुंची तो गांव में कोहराम मच गया। युवक की मौत से परिवारीजनों में भी चीत्कार मच गयी। पुलिस ने मौके से बाइक को कब्जे में ले लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।