एटा के अलीगंज के जसरथपुर थाना क्षेत्र में नगला मोहन पेट्रोल पंप के पास हुए रविवार की रात सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने 20 वर्षीय अंकित पुत्र नन्हेंलाल निवासी देवी नगर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, 26 वर्षीय राजपाल पुत्र खिलाड़ी की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अंकित की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां और अन्य परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल चंद्रा ने बताया कि अंकित को अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजपाल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया।