एटा में हजारा नहर में कूदे युवक का शव दो दिन बाद करीब 5 किमी दूर बुधवार की सुबह मिला। परिजन ने अवागढ़ निवासी एजेंसी मालिक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक ने रुपयों के लेनदेन से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सुन्ना पुल से नहर में छलांग लगाई थी।
शहर के मालगोदाम रोड निवासी जगदीश ने बताया कि बेटा साहिल कश्यप सोमवार की शाम घर पर खुदकुशी की धमकी देते हुए गया था। इसके बाद पिलुआ थाना क्षेत्र में स्थित सुन्ना पुल से नहर में कूद गया। इससे पहले उसने अपने मोबाइल से एक वीडियो भी बनाया था। बुधवार की सुबह पुलिस व पीएसी के गोताखोरों ने घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर अरथरा पुल के पास से शव को बरामद किया।