मेडिकल कॉलेज के एक्सरे कक्ष में एक्सरे बंद होने के बाद मौजूद मरीज व तीमारदार। संवाद
एटा। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस ने एक्सरे टेक्नीशियन को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। मरीज के साथ अभद्रता और गाली गलौज के मामले में उन्होंने नोटिस जारी किया है।
मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल पर एक्सरे कक्ष है। यहां पर हर रोज 200 से 250 मरीजों के एक्सरे किए जाते हैं। यहां पर शनिवार को एक धुमरी से अंशुल कुमार पैर में चोट लगने की वजह से एक्सरे कराने के लिए पहुंचे थे। वह एक्सरे कक्ष में पहुंचे और टेक्नीशियन से एक्सरे करने के लिए कहा गया, लेकिन एक्सरे टेक्नीशियन ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज की। इसके बाद शोर शराबा सुनकर लाइन में लगे अन्य मरीज भी एक्सरे कक्ष में पहुंच गए। इस दौरान वहां पर कई महिलाएं भी मौजूद थीं, लेकिन टेक्नीशियन गाली गलौज करता रहा। करीब आधा घंटे तक एक्सरे नहीं हुए। बाद में अन्य कर्मचारी आए और उन्होंने टेक्नीशियन को समझा बुझाकर एक्सरे कराया। वहीं पीड़ित मरीज अंशुल और उनके भाई राहुल चौहान ने इस संबंध में सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा से शिकायत की। सीएमएस टेक्नीशियन को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही हिदायत दी है कि मरीजों के साथ दुर्व्यवहार न किया जाए।