जिले के युवा खिलाड़ियों ने पॉवर लिफ्टिंग में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया। पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में कई गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
पॉवर लिफ्टिंग अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जमशेदपुर में आयोजित हुई, इसमें आवास विकास कॉलोनी के मोहित पाल, रेलवे कॉलोनी की सरस्वती का चयन हुआ। 53 किलो वर्ग में मोहित पाल ने अपनी जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 52 किलो भार में सरस्वती ने भी स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में अफगानिस्तान, सऊदी अरब, पाकिस्तान, ईरान, ईराक सहित दर्जनों देशों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
कोच प्रवीन कुमार जादौन ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की सफलता पर डीएस पाल, रहीश अहमद, भावना, रज्जन बाबू, जयसिंह पाल आदि ने हर्ष जताया है।