एटा। शहर के निधौली कलां रोड पर मंगलवार को ऑटो की बाइक से टक्कर हो गई। बेटे के साथ गांव से पेंशन के कार्य से कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार आ रही महिला की इस हादसे में जान चली गई।
थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला उदिया से अमृता देवी (64) मंगलवार को अपने बेटे संजीव के साथ बाइक पर पेंशन के कार्य से कोषागार आ रही थीं। कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत सेंट पॉल्स के पास रुककर संजीव किसी का इंतजार करने लगे। इसी दौरान एक ऑटो ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमृता देवी सिर के बल सड़क पर गिर गईं। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया।
संजीव ने बताया कि पिता आर्मी में थे। उनकी मृत्यु के बाद से मां को पेंशन मिल रही थी। वह मां के साथ आधार कार्ड केवाईसी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार आ रहे थे। बताया कि वह तीन भाई हैं। बड़े भाई मंजू की 20 वर्ष पूर्व जलेसर में हादसे के दौरान जान चली गई। दूसरे भाई अंजू की 14 वर्ष पूर्व गांव सुन्ना के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई थी। भाई के तीन बच्चे हैं जिनका पालन-पोषण मां की पेंशन से होता था।