एटा। कस्बा व थाना जैथरा के मोहल्ला सूर्य नगर में पशुओं के लिए भूसा निकालते समय ढेर में दबकर महिला की मौत हो गई। लगभग 2 घंटे तक दबी रही। जानकारी होने पर आसपास के लोगों व परिजन ने जब भूसा हटाया महिला की सांसें थम चुकी थीं।
मोहल्ला सूर्य नगर निवासी ओम सागर ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 9 बजे पत्नी मीना देवी (45) घर के कमरे में भरे भूसे को पशुओं के लिए निकालने गई थी। जब काफी देर तक घर में वह दिखाई नहीं दीं तो चिंता हुई। तब याद आया कि वह तो पशुओं के लिए भूसा लेने गईं थीं वहां से वापस नहीं लौटीं तो वहां जाकर देखा तो भूसा ऊपर से नीचे गिरा हुआ था।
शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और भूसा हटाकर देखा तो उसमें दबी मीना देवी की सांसें थम चुकीं थीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के मोहल्ले को लोग मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना जैथरा प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मीना के पति ओम सागर चाट का ठेला लगाकर गुजर करते हैं। नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।