एटा। निधौली कलां क्षेत्र के नगला खिल्ली गांव में रविवार शाम 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटने से बाकलपुर फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू कर दिया।
ग्रामीण रवेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को सुबह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य चल रही थी। शाम करीब 4:30 बजे नगला खिल्ली के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद गदनपुर बिजलीघर से संचालित बाकलपुर फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीणों आकाश, राकेश कुमार, सौंदान सिंह ने बिजली विभाग को शाम करीब 4:50 बजे जानकारी दी। इसपर कर्मचारियों ने लाइन की जांच करने के बाद टूटे तार को जोड़ने का काम शुरू किया।
जेई ओपी कुशवाहा ने बताया कि लाइन में खराबी आने के कारण बाकलपुर फीडर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। कर्मचारी मौके पर तार जोड़ने का काम कर रहे हैं। संवाद