एटा। जिले में रविवार की शाम से सोमवार की सुबह तक रुक-रुक कर हुई बरसात के बाद सर्दी फिर से बढ़ गई। वहीं किसानों के माथे पर फसल में नुकसान होने की आशंका के चलते बल पड़ने लगा है। इसके अलावा शादी समारोह के कार्यक्रमों में भी समस्याएं आ रही है।
दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार हो पाती है ऐसे में जब मौसम खराब होता है तो किसान का चिंतित होना लाजिमी है। इस समय जिस प्रकार से मौसम करवट बदल रहा है। उससे सर्दी तो बढ़ी है। इसके साथ ही असमय हो रही बरसात ने विवाह समारोह वाले घरों में भी खलल पैदा कर दी है। कहीं दावत होते पर बरसात हो रही है तो कहीं मंडप में पानी भर रहे है। जिसकी वजह से लोग परेशान हैं।
जिले के किसान इस बरसात से काफी परेशान हैं। सबसे ज्यादा आलू, मटर व सरसों की फसल में नुकसान की आशंका है। जिसकी वजह से माथे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई दे रही हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए तो बरसात लाभदायक है। बाकी अन्य फसलों के लिए इस बरसात से नुकसान होने की आशंका है।