तिहरे हत्याकांड के आरोपी सर्वेश कुमार की पत्नी प्रीति ने गुरुवार दोपहर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या का कारण पति की जमानत न हो पाना बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
थाना जैथरा के गांव छोटी जरारी निवासी प्रीति (26) के पति सर्वेश कुमार तिहरे हत्याकांड में आरोपी है और वर्ष 2011 से जेल में बंद है। बताते हैं कि कई बार जमानत की अर्जी देने के बाद भी सर्वेश की जमानत नहीं हो पाई। इसके चलते प्रीति काफी परेशान भी रहती थी। प्रीति करीब एक साल मायके सलेमपुर मैनपुरी में भी रही थी। बाद में गांव लौट आई। गुरुवार को वह घर पर अकेली थी। इस दौरान साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब घरवाले पहुंचे तो प्रीति का शव लटका देख दंग रह गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को नीचे उतारा। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। बताते हैं कि परिवारीजनों ने प्रीति का अंतिम संस्कार कराने के लिए प्रशासन से जेल में बंद सर्वेश को एक दिन की जमानत देनी की बात कही है। सर्वेश का एक भाई उमेश यादव कारगिल युद्ध में शहीद हो चुका है। थाना पुलिस का कहना है कि उसे इस घटना की कोई जानकारी नहीं मिली है।