एटा। घर के सामने खड़े होकर गाली देने वालों का विरोध करना मां-बेटे को भारी पड़ा। आरोपियों ने पहले बेटे को पीटा। उसके बाद महिला के ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया।
थाना जसरथपुर के गांव जमालपुर निवासी सरला देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा है कि 27 जुलाई को गांव के ही बलवीर दरवाजे पर आकर गालियां देने लगे। बेटे कुलदीप ने गालियां देने से मना किया तो बलवीर ने अशोक, सोनू, सुशील और बबीता को बुला लिया।
सभी के हाथों में लाठी-डंडे देखकर घर के अंदर घुस गए तो आरोपी भी पीछे से आए और पीटना शुरू कर दिया। जानलेवा हमला करते हुए बेटे कुलदीप और पति नाजर सिंह को पीटने लगे। इतना ही नहीं बलवीर ने सरला के ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया।
चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपी परिवार सहित फूंक देने की धमकी देते हुए भाग गए। पीआरबी 112 को कॉल कर बुलाया तो बलवीर ने स्वयं ही कई जगह खुरपी से अपना हाथ काटकर क्रॉस केस बनाने का प्रयास किया।
सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।