एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन का पहिया किशोर के ऊपर से निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शिनाख्त न हो पाने के चलते शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पेपर देने जा रहे छात्र सहित 12 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
लगभग 15 वर्षीय किशोर की शुक्रवार की देर रात गांव दूल्हापुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में अ गया। उसके शरीर व चेहरे के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर जाने की वजह से पूरी तरह से कुचल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि अगर 72 घंटे तक शिनाख्त नहीं हो पाती है तो शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
गांव नगला मनी थाना औछा जिला मैनपुरी निवासी रोहित ने बताया कि भाई अंशुल शनिवार को बीएससी की परीक्षा देने कुरावली के आरडी महाविद्यालय जा रहा था। महाविद्यालय से कुछ दूरी पर ही बाइक फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, यहां उपचार चल रहा है। नगला सुम्मेर थाना कुरावली जिला मैनपुरी निवासी प्रीति ने बताया कि उनके भाई बृजेश कुमार किसी कार्य से एटा आ रहे थे। रास्ते में मलावन थाना क्षेत्र में गांव सेंथरी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची हाईवे की एंबुलेंस 1033 ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया।
अन्य सड़क दुर्घटनाओं में शहर के शांतीनगर निवासी अनुज कुमार, फर्दपुर थाना जसरथपुर निवासी संतराम और प्रेमदास, गांव कोयला थाना मिरहची निवासी गुड्डी देवी, नगला डूडा थाना जैथरा निवासी प्रदीप कुमार, थाना रिजोर के नगला फुले निवासी अजय कुमार व चिंतापुर निवासी कौशल, थाना व कस्बा अकराबाद जिला अलीगढ़ निवासी अकाश और जयवीर के साथ ही गांव मुबारकपुर छछैना निवासी अजय कुमार घायल हुए हैं। इनमें से अकाश, जयवीर, संतराम और प्रेमदास को रेफर किया गया है।