एटा। बारिश से कई विद्युत उपकेंद्रों व लाइनों पर फॉल्ट हो गए। तीन विद्युत उपकेंद्रों में जलभराव हो गया। इससे शहर के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक बिजली न मिलने से लोग परेशान रहे। रविवार रात बिजली गिरने के बाद सोमवार को शहर व देहात क्षेत्र की आपूर्ति किसी तरह बहाल हो ही पाई थी, कि सोमवार रात से हुई बारिश से विद्युत व्यवस्था फिर चरमरा गई। शहर के कोतवाली देहात, रेलवे रोड व आईटीआई विद्युत उपकेंद्र पर जलभराव हो गया।
इससे आधे शहर की बिजली लगभग 15 घंटे तक गुल रही। कोतवाली देहात क्षेत्र के फीडर पर शाम तक पानी निकलने का कार्य जारी था। वहीं रेलवे रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर शाम चार बजे सप्लाई शुरू हो गई। जबकि आईटीआई विद्युत उपकेंद्र पर साढ़े तीन बजे आपूर्ति बहाल की गई। जबकि देहात क्षेत्र के अधिकांश फीडरों पर जलभराव की स्थिति के कारण दिक्कतें रही। निगम के कर्मियों द्वारा पानी निकालने और फॉल्ट सही करने का कार्य शाम तक चलता रहा।
ठंडी सड़क विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे सदर विधायक
सोमवार को आईटीआई विद्युत उपकेंद्र ठप था। इससे नगरसेन वाली गली, पीपल अड्डा आदि मोहल्लों को ठंडी सड़क विद्युत उपकेंद्र से बिजली दी गई। दोपहर के समय आपूर्ति काट दी गई। इस पर उपभोक्ता सदर विधायक विपिन डेविड वर्मा के पास जा पहुंचे। वह ठंडी सड़क विद्युत उपकेंद्र पर आए और आपूर्ति बहाल करने को कहा।