एटा। पालिका के पानी की पाइपलाइन बृहस्पतिवार की सुबह सीवर लाइन की खोदाई के दौरान टूट गई। इससे जलभराव हो गया और सीवर लाइन का कार्य रुक गया। चार मोहल्लों की जलापूर्ति ठप होने से लोग परेशान रहे। वहीं जीटी रोड पर सीवर लाइन का कार्य किया जा रहा है। अभी तक कैलाशगंज तिराहा तक जीटी रोड को बंद किया गया था। अब नगर पालिका के मुख्य द्वार तक यातायात को बंद कर काम शुरू कराया गया है।
जल निगम द्वारा कैलाशगंज तिराहा से नगर पालिका की ओर सीवर लाइन खोदाई का काम बृहस्पतिवार को शुरू कराया गया। कैलाशगंज तिराहा पर खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई। जिससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। कर्मचारी व ठेकेदार पानी को रोकने के लिए दिन-भर मशक्कत करते रहे लेकिन इसे रोक नहीं सके। इस बीच पानी न मिलने से कैलाश गंज, प्रेम नगर, नई बस्ती, शिकोहाबाद रोड के लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
पाइपलाइन में लगा दी लकड़ी
दोपहर के समय पानी की सप्लाई बंद हुई तो जल निगम के ठेकेदार व अन्य कर्मचारियों की लापरवाही देखने को मिली। पानी का बहाव रोकने के लिए पाइप में लकड़ी लगा दी। हालांकि करीब तीन बजे पानी की सप्लाई को चालू किया गया तो यहां से फिर से पानी निकलने लगा।
बोले लोग...
एक ओर पानी की बूंद-बूंद को अनमोल बताया जाता है और दूसरी ओर पानी की पाइप लाइन टूटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। नगर पालिका को तुरंत ही पानी की सप्लाई बंद कर देनी चाहिए थी, लेकिन नहीं की गई। - विकास यादव
पानी की पाइप लाइन को सही करने के लिए पाइप में लकड़ी ठोंक दी गई। पानी का बहाव ठीक करने का यह कोई तरीका नहीं है। इससे बहाव रुक भी नहीं सका। व्यवस्थित और तकनीकी आधार पर काम होना चाहिए था। - प्रशांत कुमार
सीवर लाइन खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई है, जिससे पानी निकल रहा है। जल निगम द्वारा ठीक कराया जा रहा है।
- डॉ. दीप वार्ष्णेय, ईओ, नगर पालिका
सीवर लाइन खोदाई के दौरान कैलाशगंज तिराहा पर पानी की पाइपलाइन टूटने पर उसमें लकड़ी को लगाना सही नहीं है। कर्मचारियों को सही तरीके से मरम्मत करने की हिदायत दी है। - एएस भाटी, अधिशासी अभियंता, जल निगम