मारहरा। निधौली कलां ब्लॉक क्षेत्र के गांव नौजरपुर में जल जीवन मिशन के पानी की टंकी तो बनी, लेकिन इससे लोगों को पानी आज तक नहीं मिला। वजह है कि यहां घरों तक कनेक्श ही ठीक ढंग से नहीं किए गए। अधूरे कार्य को पूरा दिखा दिया गया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अफसर हरकत में आए। ठेकेदार को भेजकर गांव में कनेक्शन का काम शुरू करा दिया है।
गांव के लोगों के अनुसार ठेकेदार ने पाइपलाइन बिछाकर काम अधूरा ही छोड़ दिया। घरों पर पाइप लगा दिए, लेकिन इनके कनेक्शन नहीं किए गए। इसके कारण पानी की आपूर्ति आज तक शुरू नहीं हुई। लोगों को पानी के लिए हैंडपंप पर ही जाना पड़ रहा है।
शुद्ध पेयजल न मिलने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बने हुए हैं। जबकि अगले महीने से लोगों से पेयजल कर वसूलने की घोषणा कर दी गई। लोगों की समस्या की इस खबर को अमर उजाला ने 3 दिसंबर के अंक में प्रकाशित किया। जिसके बाद यहां जन निगम के ठेकेदार व कर्मचारियों ने पहुंचकर काम शुरू किया है।