निधौली कलां कोतवाली में मौजूद रामजीला सुमन व परिजन। संवाद
निधौलीकलां। गांव जौहरपुर के छात्र धर्मेंद्र हत्याकांड में बारह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के किसी नतीजे पर न पहुंचने से परिजन परेशान हैं। परिजन ने बुधवार को पूर्व विधायक रणजीत सुमन के साथ थाने पहुंचकर नाराजगी जताई। पूर्व विधायक ने एक सप्ताह में हत्या का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के गांव जौहरपुर के धर्मेंद्र (16) का छह फरवरी की सुबह गांव के पास खेत में शव मिला था। किशाेर की गला रेतकर हत्या की गई थी जिसकी प्राथमिकी उसके पिता ने थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ दर्ज कराई है। इसके बाद परिजन लगातार हत्या का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। थाने पहुंची किशोर की मां ने कहा कि पुलिस संतोष जनक जवाब नहीं दे रही है। मृतक की मां ने न्याय की मांग की है।
सपा के पूर्व विधायक रणजीत सुमन ने एक सप्ताह में हत्या का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने एक सप्ताह में हत्याकांड का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव, वंदेहसन, चित्रपाल लोधी, नेमसिंह, विजय लोधी, कल्लू लोधी, शंकरपाल सिंह आदि रहे।
मृतक के परिजन जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से थोड़ा समय लग रहा है। टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए हत्यारोपियों को पकड़ लिया जाएगा। -ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर