लाख कोशिशों के बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। बदहाल सफाई व्यवस्था को देख पालिकाध्यक्ष ने वार्डों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। पालिका अध्यक्ष का कहना है कि अनुपस्थित कर्मचारी निलंबित किए जाएंगे। कर्मचारियों के निलंबित अवधि का आधा वेतन प्राइवेट कर्मचारियों को देकर सफाई कार्य कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान का असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। वार्डों में नियुक्त सफाईकर्मी सफाई करने पहुंच ही नहीं रहे हैं, इससे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नालियां भी गंदगी से अटी नजर आती हैं और गंदा पानी सड़कों पर दिखाई देता है। लोगों की शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने सोमवार को शहर के वार्ड नंबर 14 का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए एक सफाईकर्मी को निलंबित भी कर दिया। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था को परखने वो हर रोज किसी न किसी वार्ड का दौरा करेंगे। अनुपस्थित मिलने वाले सफाई कर्मचारी को निलंबित कर उसकी निलंबित अवधि का आधा वेतन प्राइवेट कर्मचारी को दिया जाएगा।