जिले की चार विधानसभा सीट अलीगंज, मारहरा, एटा और जलेसर में आज वोट डाले जाएंगे। मैदान में उतरे 46 प्रत्याशियों के सियासी भाग्य फैसले 12 लाख मतदाता करेंगे। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होने वाले मतदान के लिए बूथों को पैरामिलिट्री के हवाले कर दिया गया है। साथ ही कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद और हाथरस के बार्डर सील कर दिए गए हैं।
अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में 377 बूथ बनाए गए हैं। जहां मैदान में उतरे 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3,32,838 मतदाता ईवीएम में बंद करेंगे। इसी तरह मारहरा विधानसभा क्षेत्र के 2,95,311 मतदाताओं के लिए 341 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। जलेसर विधानसभा क्षेत्र के 2,79,776 मतदाताओं के लिए 320 बूथ बने हैं। जो विधायक बनने उतरे नौ प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। वहीं एटा विधानसभा क्षेत्र के 3,15,786 मतदाता 349 बूथ पर 13 प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शुक्रवार की शाम पांच बजे से लेकर शनिवार शाम सात बजे तक के लिए सटे पांच जिलों की सीमाएं सील कर दी गई हैं।
हर पल की जानकारी कंट्रोल रूम से होगी फ्लैश
चुनाव कंट्रोल रूम प्रभारी के मुताबिक बूथों पर तैनात पीठासीन और मतदान अफसरों के सेलफोन नंबर फीड कर लिए गए हैं। प्रदेश स्तर पर भी एक मोबाइल नंबर जारी किया गया है। इस नंबर को प्रदेश के सभी जिले के कंट्रोल रूम से अटैच किया गया है। पीठासीन अधिकारी इस नंबर पर हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत का एसएमएस करेंगे। वहीं पीठासीन अधिकारी का एसएमएस कंट्रोल रूम में लगे कंप्यूटर स्क्रीन पर फ्लैश होगा। पीठासीन अधिकारी शाम पांच बजे मतदान प्रतिशत बताने के साथ एसएमएस भेज कर यह भी बताएंगे कि बूथ के अंदर कितने मतदाता लाइन में खड़े हैं।
खाली हो गए सरकारी दफ्तर
विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के कारण शुक्रवार को कर्मचारी ईवीएम और मतदान प्रपत्र लेकर बूथ पर रवाना हुए। इससे शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। और तो और चपरासी तक दफ्तरों में नहीं दिखे। बता दें कि इस बार जिला निर्वाचन विभाग ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी पोलिंग अधिकारी बना दिया है।
हाईअलर्ट पर रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
मतदान के दिन जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट किया गया है। सभी पीएचसी, सीएचसी में दवाएं भेजने के अलावा वहां तैनात चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को सुबह 8 से शाम आठ बजे तक ड्यूटी पर रहने को कहा गया है। सीएमओ डॉ आरसी पांडेय ने बताया कि 108 और 102 एंबुलेंस को पूरे जिले में हाईअलर्ट पर रखा गया है।