एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव झिनवार में मतदान केंद्र स्थानांतरण की मांग पर मंगलवार को प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों से मतदान कराया गया। इसमें 230 ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय में केंद्र बनाए जाने के पक्ष में वोट दिया जबकि 17 मत विरोध में पड़े। शेष वोट निरस्त हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान मतदान केंद्र को सचिवालय भवन में शिफ्ट कर दिया गया था जो प्रधान के घर के सामने स्थित है। कमजोर व अनुसूचित जाति के लोगों ने यहां मतदान में असुरक्षा और असुविधा जताई थी। ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सचिवालय में मानक अनुसार कमरे भी उपलब्ध नहीं हैं पहले से सभी चुनावों में मतदान स्कूल में ही होता रहा है। लगातार मांग के बाद तहसील सदर के अधिकारियों ने गांव में ही वोटिंग कराने का फैसला लिया। पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से प्रक्रिया पूरी की गई। अब ग्रामीण प्रशासन के अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि मतदान केंद्र फिर से प्राथमिक विद्यालय में ही बनाया जाएगा।