अलीगंज। कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों चोरों की अफवाह से लोगों में चिंता का माहौल है। जगह-जगह से चोरों की अफवाह फैली हुई है। मैनपुरी रोड पर रविवार रात दो अज्ञात युवकों को चोर समझकर नगला बंजारन के ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट डाला। पुलिस ने पहुंचकर दोनों को बचाया।
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। इसमें ग्रामीण दो युवकों को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। गांव वालों ने इस कदर गिरा-गिराकर लात घूंसों, डंडों से पीटा है जिसकी वजह से दोनों युवक लहूलुहान हो गए।
इस दौरान दोनों युवक रहम की भीख मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक बता रहा है कि वह कायमगंज के कमालपुर का रहने वाला है। यहां तख्त पड़ा देख लेट गए थे। कुदैसा गांव में ससुराल है रामवीर भगत जी मेरे पापा हैं। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल युवकों को भीड़ से बचाया। पुलिस के अनुसार घायलों ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है। थाना प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामला संज्ञान में है और कार्रवाई की जाएगी।