जिला पंचायत अध्यक्ष बसु यादव ने जिले के विकास में सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सभी सहयोग करें जिससे जिले में विकास कार्य आगे बढ़े।
जिला पंचायत अध्यक्ष बसु यादव शनिवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। इस बैठक में जिला पंचायत की मूल आय व्यय एवं जिला ग्राम विकास अभिकरण के लेबर बजट को पारित किया गया। सर्वसम्मति से बजट के प्रस्ताव पारित हुए। मुख्यविकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र ने कहा कि गर्मी में ग्रामीण इलाकों में पेयजल की किल्लत न रहे। खराब हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए और गांव के तालाबों में पानी भरवाया जाए। विधायक देवेंद्र राजपूत एवं विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता से कराने पर बल दिया। अपर मुख्य अधिकारी आरपी सिंह ने बजट बैठक का संचालन करते हुए आय व्यय का मूल बजट प्रस्तुत किया। वर्ष 2017-18 के लिए मूल बजट 1592.25 लाख का पारित हुआ, जबकि पुनरीक्षित बजट 1595.75 लाख का पारित किया गया। संसोधित बजट 2381.5 लाख रुपये का पारित हुआ। जिलाग्राम विकास अभिकरण का लेबर बजट 3079 लाख का पारित किया गया। बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य संजीव कुमार, सीमा यादव, हरीओम, प्रभा देवी, शकुंतला दवी, उर्वेश, मंजु देवी, शशि प्रभा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।