एटा में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका के आपत्तिजनक फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। पीड़िता ने कोतवाली नगर में अर्पित उर्फ अखिलेश यादव के खिलाफ मंडलायुक्त को शिकायत करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पीड़ित महिला ने रिपोर्ट में बताया कि वह शहर में ब्यूटी पार्लर चलाती है। अर्पित उर्फ अखिलेश निवासी जिटौली थाना निधौली कलां हाल निवासी शृंगार नगर ने धोखे से कुछ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए और वीडियो भी बना ली। इसके बाद पिछले लगभग 2 वर्ष से आरोपी परेशान कर रहा है। ब्लैकमेल करने की धमकी देते हुए लगभग 2 लाख रुपये ले लिए। व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज करता है और अन्य तरीकों से प्रताड़ित करता है। आरोप है कि अर्पित उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रहा है।
विरोध करने पर 8 जून को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो पोस्ट कर दिए। जिससे समाज में नाम बदनाम हो रहा है और आरोपी परिजन व बच्चों को जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं बच्चों को अगवा करने की धमकी भी दे रहा है। इसकी वजह से सभी परिजन डरे हुए हैं। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच-पड़ताल करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।