महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर तीर्थनगरी में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मोहल्ला पजाया स्थित वाल्मीकि मंदिर की भव्य साज सज्जा कर आरती उतारी गई। प्रसाद बांटा गया। सायंकाल के समय वाल्मीकि जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में लहरा रोड स्थित ग्राम्य देवी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाश चंद्र कटारे ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर दीप प्रज्वलन करने के बाद फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। गाजेबाजे के साथ निकाली शोभायात्रा में दर्जन भर नयनाभिराम झांकियां शामिल थीं।
सबसे आगे महर्षि वाल्मीकि उसके बाद लव कुश, गंगा माता, वराह भगवान, मां दुर्गा, भगवान विष्णु, भगवान नीलकंठ आदि झांकियां शोभायमान थी।
बैंडबाजों की धुन पर बज रहे धार्मिक गीतों पर शोभायात्रा में शामिल लोग भावविभोर होकर नृत्य कर रहे थे। शोभायात्रा लहरा रोड से शुरू होकर रामसिंहपुरा, कछला गेट, सहावरगेट, अनाज मंडी, चंदनचौक, बदरिया, कटराबाजार आदि क्षेत्रों में देर रात तक भ्रमण करती रही।
शोभायात्रा पर मार्ग में जगह-जगह धर्मप्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर आरती उतारी। शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान रामदास, रवि किशोर पाथरे समिति अध्यक्ष , सचिन कुमार, संजय, आरडी अमल, बबलू, सुमित, अम्बरीश, अशोक पहलवान, अजीत, अर्जुन, सुभाष, राकेश, सुशील, दीनदयाल, पन्नालाल, हरीबाबू, मनोज आदि काफी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।