एटा। कस्बा व थाना निधौली कलां में महिला स्वास्थ्यकर्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहल्ला इंद्रानगर निवासी अवधेश यादव उर्फ करुआ पर आरोप लगाया है कि टीकाकरण के दौरान उसने गालीगलौज की और विरोध पर ईंट-पत्थर फेंकते हुए जान से मारने की धमकी दी। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कई बच्चों का टीकाकरण नहीं करने दिया।
कस्बा के मोहल्ला बड़ा बाजार निवासी वर्षा गुप्ता ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग में एमपीडब्ल्यू के पद पर कार्यरत हैं। 10 मई को मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी कुंवरपाल के मकान के पास टीकाकरण कर रही थीं। उसी समय इसी मोहल्ले का अवधेश कुमार उर्फ करुआ आकर अभद्रता करने लगा। शराब के नशे में गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध पर हाथापाई का भी प्रयास किया।
शोर सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर आए तो आरोपी ने ईंट-पत्थर फेंकते हुए जानलेवा हमला कर दिया। लोगों ने किसी तरह वहां से सुरक्षित निकाला तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसकी वजह से कई बच्चों का टीकाकरण नहीं हो पाया। इसने सरकारी काम में बाधा डालते हुए धमकी दी। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। सरकारी काम में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।