एटा में जैथरा थाना क्षेत्र के मोर्चा गांव के पास सड़क हादसा हो गया। यहां बीती रात करीब साढ़े नौ बजे एक बेकाबू कैंटर विद्युत खंभे से टकरा गया। हादसे में क्लीनर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इसके अलावा एक अन्य हादसे में घायल वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बेकाबू कैंटर विद्युत खंभे से टकरा गया
थाना व कस्बा सकीट के काजी मोहल्ला निवासी पंकज कुमार (22) की कैंटर के हादसे में मौत हो गई। चाचा महेंद्र सिंह ने बताया कि मोहल्ले का ही पेशकार सिंह, कैंटर चलाता है। उसके साथ पांच माह से पंकज कार्य कर रहा था। मंगलवार की रात करीब 9.30 बजे कैंटर में किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके चलते बेकाबू होकर विद्युत खंभे से टकरा गया।
हादसे में भतीजा उछल कर खंभे के नीचे दब गया। कैंटर उसके ऊपर आ गया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर रात में कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में शव को बाहर निकाला। हादसे में चालक भी घायल हुआ है। लेकिन, वह कहां है इसका कोई पता नहीं है।
बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी
वहीं निधौली कलां थाना क्षेत्र के नगला बालजीतपुर गांव निवासी नसीर शाह (75) लालपुर गांव के पास 22 जनवरी को साइकिल से जाते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गए थे। इनको अलीगढ़ रेफर किया गया। स्वास्थ्य लाभ मिलने पर दो दिन पहले परिजन घर ले आए। मंगलवार को तबीयत अचानक खराब होने पर पीएचसी लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।