एटा। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर तापते समय महिलाओं के कपड़ों में आग लग गई। इसके कारण वह बुरी तरह से झुलस गईं। जानकारी होने पर परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां उपचार किया जा रहा है।
थाना कोतवाली नगर के शीतलपुर निवासी मुकेश ने बताया कि दादी कृपा देवी सोमवार की देर शाम पशु चराकर लौट रहीं थीं। सर्दी अधिक होने के कारण रास्ते में एक जगह अलाव जल रहा था। वहां बैठकर दादी कृपा देवी हाथ सेंकने लगीं और थोड़ी देर बाद उठकर घर के लिए चल दीं। तापते समय कोई चिंगारी उनके कपड़ों में छू गई थी। घर तक पहुंचते समय आग ने तेजी पकड़ ली और वह बुरी तरह से झुलस गईं। चीखने की आवाज सुनकर हम लोग पहुंचे। घायल अवस्था में दादी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
वहीं थाना बागवाला को गांव हसनपुर निवासी राहुल ने बताया कि दादी वंश देवी घर के कमरे में बिस्तर के पास तसले में आग रखकर हाथ सेंक रहीं थीं। तभी आग की चिंगारी उनके कपड़ों पर गिर गई। जब तक वह संभल पातीं आग तेजी से बढ़ने लगी। दादी की चीख-पुकार सुनकर हम लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह से आग बुझाई और इनको लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां बर्न वार्ड में दादी का उपचार चल रहा है। संवाद