एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए हैं।
पहला हादसा थाना अलीगंज क्षेत्र में हुआ। गांव तिसौरी निवासी सारदेव (58 वर्ष) साइकिल से जा रहे थे। शुक्रवार शाम भरपुरा के पास आरएलएस स्कूल के निकट एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाया गया जहां तैनात चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मृतक के पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि अलीगंज सीएचसी से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में सारदेव की हालत बिगड़ गई। इसपर एंबुलेंस कर्मियों ने उन्हें बागवाला सीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
वहीं दूसरी ओर मैनपुरी जिले के गांव छाछा निवासी वेदराम (35 वर्ष) सकीट के गांव कमालपुर मई में रिश्तेदारी में आया हुआ था। नवरात्र के अंतिम दिन गांव में नेजा चढ़ाने के बाद दावत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान वेदराम सड़क पार कर रहा था। तभी ईंटों से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों हादसों के बाद परिजनों में शोक की लहर फैल गई है।