एटा। गर्डर उतार रहे राजमिस्त्री सहित दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। पहली घटना में नगला वाचा निवासी किसान की खेत पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। दूसरी घटना में राजमिस्त्री निधौली कलां के गांव रमंडपुर में काम कर रहा था। वहां, गर्डर हाईटेंशन लाइन में छू गया, जिसके चलते उसी मौके पर ही मौत हो गई।
रिजोर थाना क्षेत्र के गांव नगला वाचा निवासी किसान मुकेश कुमार (55) शनिवार सुबह खेत पर काम कर रहे थे। उसी समय पास में ही लगे ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में करंट आ जाने के कारण उनको करंट लग गया। चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और उनको उठाकर मेडिकल कालेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना में मझराऊ निवासी राजमिस्त्री रिंकू (26) गांव रमंडपुर में राधेश्याम के मकान पर काम कर रहा था। शनिवार की सुबह मकान की छत पर काम होना था, इसके लिए गर्डर चढ़ाए जा रहे थे। रिंकू छत पर खड़े होकर गर्डर को पकड़ रहा था। उसी समय एक गर्डर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में छू गया, जिसकी वजह से रिंकू को करंट लग गया। यह देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां काम कर रहे मजदूरों ने रिंकू के परिजन को सूचना दी और लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निधौली कलां पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों ही मामलों में जांच शुरू कर दी है।
मृतक रिंकू का फाइल फोटो।