एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रविवार को दो लोगों को चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। इनमें महिला की रक्तचाप बढ़ने और युवक की बुखार आने पर मौत हुई है। एनसीडी विभाग में 150 मरीज रक्तचाप और शुगर के पहुंचे जिनमें 40 वर्ष के लोग अधिक थे।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रविवार की शाम करीब 7:30 बजे भगवान सिंह (40) निवासी निधौली कलां को लाया गया। उनके ममेरे भाई जितेंद्र सिंह ने बताया कि भगवान सिंह को तीन दिन से बुखार आ रहा था। दवा दिलाने के बाद रविवार शाम को बैचेनी होने पर उन्हें इमरजेंसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
नगला साबित थाना जैथरा निवासी अर्चना (35) को रविवार रात करीब 10 बजे इमरजेंसी लाया गया। उनके जीजा राकेश ने बताया कि रात को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और चक्कर आने लगे। घर पर ही उनका रक्तचाप मापा तो बढ़ा हुआ था। उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए जहां मृत घोषित कर दिया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज के एनसीडी विभाग में रविवार को 150 से अधिक मरीज रक्तचाप और शुगर के पहुंचे जिन्हें उपचार दिया गया।