मृतक लव कुमार फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित गुरुकुल के पास बाइक की टक्कर से किशोर की मौत हुई है। जबकि थाना जसरथपुर क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई और साथी घायल हो गया। अन्य हादसों में तीन युवक घायल हुए हैं। शहर के मोहल्ला रानी अबंतीवाई नगर निवासी गौरव सिंह के 21 वर्षीय पुत्र लव कुमार शनिवार रात कासगंज रोड पर गुरुकुल के पास वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। किशोर का दोस्त आशुतोष जिला अस्पताल लेकर आया, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि सिर में गंभीर चोट आने के चलते मौके पर ही मौत हो गई।
थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव नगला अचल के पास कार की टक्कर से शनिवार की देर शाम सड़क किनारे खड़े मोहित कुमार (40) पुत्र नेकराम सिंह और राकेश कुमार निवासीगण माखेड़ा थाना जसरथपुर को टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों घायलों को सीएचसी अलीगंज पर भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर हालत में मोहित को जिला अस्पताल और यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कुसाड़ी के पास देर रात कार की टक्कर से बाइक सवार कमलेश कुमार, अजय कुमार और सुनील कुमार घायल हो गए। तीनों गांव कुसाड़ी के ही रहने वाले हैं। इनको रात करीब दो बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।