नीलगाय से टकराई स्कूटी, भतीजे की मौत, चाचा घायल
अवागढ़ थाना क्षेत्र में जलेसर रोड स्थित गांव खेडिया ताज मोड़ के पास शनिवार की शाम करीब चार बजे स्कूटी सवार नीलगाय से टकरा गए। हादसे में जैनुलउद्दीन और इनके भतीजे अजहरउद्दीन (30) निवासी मोहल्ला कोलियान अवागढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने पीएचसी अवागढ़ पर भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
इलाज के लिए आगरा ले जाते समय भतीजे की मौत हो गई। जबकि चाचा की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि नीलगाय से स्कूटी सवार टकरा गए थे। इस हादसे में एक युवक की मौत हुई है। जबकि चाचा घायल हुआ है। उसका आगरा में इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
एक अन्य हादसे में दो घायल
वहीं शहर के पीपल अड्डा के पास एक अन्य हादसा हो गया। हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार आर्यन निवासी पुरानी बस्ती, कोतवाली नगर और इसका साथी कपिल कुमार निवासी नगला समल, कोतवाली देहात, घायल हो गए। दोनों को देर शाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।