एटा। जिले में आठ कस्तूबरा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों की हर महीने प्रेरणा पोर्टल पर मॉनीटरिंग की जाती है गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए जाते हैं। नवंबर में दो विद्यालय अव्वल रहे हैं जबकि छह को बी ग्रेड मिला है। ब्लॉक मारहरा क्षेत्र स्थित गांव पिवारी और शीतलपुर क्षेत्र स्थित गांव कुनावली स्थित विद्यालयों में कोई भी कमी न मिलने और गुणवत्ता बेहतर मिलने पर वे जिले में अव्वल आए हैं। जबकि अलीगंज, जैथरा, सकीट, अवागढ़, जलेसर और निधौलीकलां को बी ग्रेड मिला है।
प्रेरणा पोर्टल पर निगरानी के दौरान अवस्थापना सुविधा पर 50 फीसदी, स्टाफ उपस्थिति पर 25 और छात्राओं के सीखने सिखाने के कौशल पर 25 फीसदी अंक निर्धारित हैं। इसी के आधार पर ग्रेडिंग की जाती है, इसमें 75 से 100 फीसदी अंक मिलने पर ए ग्रेड, 51 से 75 तक बी ग्रेड, 26 से 50 तक सी ग्रेड और 25 से कम अंक मिलने वाले डी ग्रेड में शामिल किए जाते हैं। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा बागीश विक्रम ने बताया कि जिले में मारहरा और शीतलपुर को नवंबर माह में ए ग्रेड मिली है जबकि अन्य छह कस्तूरबा विद्यालयों को बी ग्रेड मिली है। बी ग्रेड वाले विद्यालयों की वार्डेन आदि को गुणवत्ता में सुधार करने के बीएसए ने निर्देश जारी किए हैं।
खंड शिक्षाधिकारी बनाए नोडल
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की दिशा और दशा बदलने के लिए सरकार ने नोडल अधिकारी बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। जिले में आठों ब्लॉकों के संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है ताकि विद्यालयों की गुणवत्ता की निगरानी आसानी से हो सके।