एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में मोबाइल टॉवर के स्टोर कीपर सहित दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसा ट्रक-ट्रैक्टर की टक्कर और दूसरा हादसा बाइक के अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ।
गांव सेवड़ा थाना जसराना जिला फिरोजाबाद निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि पिता जयंती प्रसाद (50) थाना कोतवाली देहात के गांव कुनावली में बुआ के यहां रहते थे। एक वर्ष से राजस्थान के सांकरा में एक टाॅवर कंपनी में स्टोर कीपर का काम कर रहे थे। शनिवार को ही घर लौटे थे। रविवार की देर शाम बाइक लेकर घर से बाजार जाने की कहकर निकले। बुआ से कहकर गए कि नए कपड़े लेने जा रहा हूं।
जैसे ही हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय पर पहुंचे, अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची हाईवे की एंबुलेंस ने उनको मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को परिजन के पहुंचने पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना पिलुआ के गांव दरिगपुर निवासी विशाल यादव ने बताया कि चचेरा भाई विवेक यादव (22) गभाना, अलीगढ़ में रहकर नौकरी करता था। 5 भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। 4 फरवरी को घर पर घूमने आया था। रविवार की देर रात चौथे मील से सब्जी लेने आया था। लौटते समय गांव की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर पर बैठ गया।
थोड़ा आगे जाते ही सामने से आ रहे ट्रक से ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। जिसके कारण उस पर बैठा हुआ विवेक बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हम लोगों को सूचना दी और आने पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
बाइक की चपेट में आने से 2 महिलाएं व अन्य हादसों में 6 लोग घायल, 1 रेफर
एटा। थाना मलावन क्षेत्र में हाईवे स्थित गांव छछैना पर सोमवार को बाइक की चपेट में आने से इसी गांव की निवासी अल्पना देवी और ईश्वर देवी सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आ गईं। जिसके कारण दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोग और परिजन ऑटो के माध्यम से उनको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने अल्पना देवी की हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। ईश्वर देवी का उपचार चल रहा है। इसके अलावा दिनेश और देवव्रत निवासी खिरिया बनार थाना जैथरा, आकाश और विवेक निवासी दुल्हापुर कोतवाली देहात, रिया और ललिता निवासी हंसपुर घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। संवाद