घिरोर(मैनपुरी)। कोसमा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, मेडिकल सेंटर और पैथोलॉजी पर मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोडल अधिकारी झोलाछाप के नेतृत्व में निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए पहुंची टीम की जानकारी होते ही कई संचालक अपने संस्थान बंद कर भाग गए। वहीं टीम ने दो क्लीनिक और एक पैथोलॉजी सेंटर सील कर दिया। एक मेडिकल संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
कोसमा क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक क्लीनिक, हॉस्पिटल, पैथोलाॅजी, मेडिकल सेंटर बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी। मामले में मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के सीएमएस को जांच अधिकारी बनाया गया है। जानकारी होते ही जिले का स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया। बुधवार को सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता के आदेश पर झोलाछाप के नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने अपनी टीम के साथ कोसमा क्षेत्र में छापा मारा।
टीम को डॉ. केसी पंत, राजेश्वर सिंह क्लीनिक संचालन के पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सके। इस पर दोनों क्लीनिक सील कर दिए गए। इसके साथ ही ओम पैथोलॉजी सेंटर संचालक भी पंजीकरण संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका उसे भी सील कर दिया गया। कश्यप मेडिकल सेंटर पंजीकृत मिला जबकि पंडित जी मेडिकल संचालक पंजीकरण संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका उसे नोटिस जारी किया। सील किए गए क्लीनिक, पैथोलॉजी सेंटर के साथ ही मेडिकल सेंटर पर नोटिस चस्पा किया गया है। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिन के अंदर पंजीकरण संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराएं अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।