एटा। सड़क हादसे में एक ही थाना क्षेत्र के दो किसानों की एक ही स्थान पर करीब 15 घंटे के अंतराल में मौत हो गई। पहला किसान लाहा का बीज लेने जा रहा था और दूसरा दवा लेकर लौट रहा था। हादसे के बाद परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए।
गांव लालपुर निवासी अगनलाल (60) मंगलवार की सुबह खेत में बुवाई के लिए निधौली कलां ब्लॉक से लाहा का बीज लेने जा रहे थे। गांव से ऑटो में बैठकर ब्लॉक कार्यालय पर पहुंचे। वहां नीचे उतरकर खड़े हुए उसी समय एक बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस व परिजन को सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निधौली कलां पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने अगनलाल को मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना में गांव होर्ची निवासी सतीशचंद्र ने बताया कि भाई नरेश (41) सोमवार की देर शाम कस्बा से दवा लेकर बाइक पर घर लौट रहे थे। इनकी बाइक जैसे ही निधौली कलां विकासखंड कार्यालय के पास पहुंची दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार गिर पड़े। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया।
यहां चिकित्सक ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। लोगों का कहना है कि ब्लॉक कार्यालय के पास सड़क में मोड़ है और कोई संकेतक बोर्ड भी नहीं लगा है। इसी वजह से आए दिन यहां हादसे होते रहते हैं।