एटा। बरसात शुरू होते ही विद्युत निगम की लापरवाही सामने आ गई। अलीगंज रोड पर मंडी के पास रखे ट्रांसफाॅर्मर के खंभे से चिपककर दो गोवंश (सांड़) मर गए। मंगलवार सुबह जानकारी होने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर हंगामा किया।
शहर में अलीगंज रोड पर मंडी समिति गेट के पास ही विद्युत ट्रांसफॉर्मर रखा हुआ है। जिसकी सपोर्ट के लिए दो लोहे के खंभे लगे हैं। इन खंभों में बरसात के चलते करंट आ गया और दो गोवंश इससे चिपककर मर गए। सोमवार सुबह जब लोग निकले तो देखकर यह जानकारी हुई और सूचना फैलने लगी। विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा विभाग और बजरंग दल के कई कार्यकर्ता भी खबर मिलते ही पहुंच गए। इस बात को लेकर हंगामा करने लगे कि आखिर बरसात के मद्देनजर विद्युत निगम की ओर से सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शिवांग गुप्ता ने बताया कि सीडीओ से पिछले तीन महीनों में गोवंशों की लापरवाही से हुई मौत के बारे में जानकारी मांगी जाएगी। जिससे पता लगे कि आखिर हादसे के बाद क्या लापरवाही सामने आती है और किसे जिम्मेदार ठहराकर कार्रवाई की जाती है। मुकेश राठौर, प्रकाश भाटी, नितिन गुप्ता, सौरभ यादव, अर्चित, दिव्यम चौहान आदि कार्यकर्ताओं ने रोष जताया।
इसके बाद पशुपालन विभाग की टीम द्वारा जांच के बाद नगर पालिका के सहयोग से दोनों मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार करा दिया गया। नगर गोरक्षा प्रमुख बजरंग दल अनुराग वशिष्ठ ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। कहा कि यदि बरसात से पहले विद्युत खंभों की जांच तथा प्लास्टिक आदि से खंभों को कवर किया गया होता तो इस घटना से बचाव हो सकता था। संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जिससे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
-
टहलने जाते हैं लोग, हो सकता है बड़ा हादसा
गनीमत है कि मंगलवार को यहां विद्युत खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में गोवंश ही आए। इस मार्ग पर सुबह के समय लोग टहलने और दूध लेने के लिए शीतलपुर आदि गांव जाते हैं। सड़क पर वाहनों के आवागमन के चलते लोग किनारे पर चलते हैं। ऐसे में विद्युत खंभों के आसपास से भी गुजरना होता है। यदि इन खंभों में करंट दौड़ रहा है तो ये लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है।
-
अधिकांश पोल के आसपास पालिका के कूड़ाघर बने हुए हैं। कूड़े की नमी से खंभे में करंट आने का खतरा हो जाता है। कूड़ाघर दूर किया जाना जरूरी है। खंभों पर प्लास्टिक लगवाने का काम भी कराया जाएगा।-जीसीएल भटनागर, एक्सईएन विद्युत नगर क्षेत्र