जैथरा में क्लीनिक संचालक को नोटिस देते स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत स्वास्थ्य विभाग
एटा। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के खिलाफ अभियान के दौरान बिना पंजीकरण संचालित हो रहे दो क्लीनिकों को सील कर दिया गया, जबकि एक अन्य क्लीनिक संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसीएमओ डॉ. सुधीर कुमार एवं जिला मलेरिया अधिकारी लोकमन सिंह ने संयुक्त कार्रवाई की। जैथरा एवं आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण व अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान कई क्लीनिकों के दस्तावेजों और पंजीकरण संबंधी अभिलेखों की जांच की गई। जांच में रारपट्टी स्थित संजय बंगाली डॉक्टर के क्लीनिक को बिना पंजीकरण संचालित पाया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं दीपक नामक डॉक्टर के क्लीनिक की जांच में भी कोई पंजीकरण या अनुमति पत्र नहीं मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इस क्लीनिक को भी सील कर दिया गया। वहीं, नेहरू नगर स्थित डॉ. कन्हैया के क्लीनिक में निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई गईं। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की जांच में पता चला कि संबंधित क्लीनिक बिना किसी पंजीकरण के संचालित किए जा रहे थे। वहीं एसीएमओ डॉ. सुधीर कुमार ने सभी क्लीनिक संचालकों और चिकित्सालयों को निर्देश दिए कि वे अपने संस्थानों का पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें।