एटा। गांव ढकपुरा निवासी दो सगे भाइयों की बाइक शनिवार की शाम लोडर गाड़ी की चपेट में आ गई। दोनों बाइक पर धान कुटवाने ले जा रहे थे। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दो जवान बेटों की मौत से घर में मातम पसर गया है।
थाना बागवाला के गांव ढकपुरा निवासी राधेश्याम ने बताया कि पुत्र सुमित (22) और विनीत (18) शनिवार की शाम घर से धान की बोरी लेकर कुटवाने के लिए निकले थे। रास्ते में गांव जलालपुर के पास मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आ रही लोडर गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दोनों को अस्पताल पहुंचाया जाता, इससे पहले ही उनकी सांसें थम गईं। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
दो पुत्रों की एक साथ मौत देखकर राधेश्याम बदहवास हो गए। वहीं गांव में जानकारी पहुंची तो परिवार के लोग व ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस आ गए। थाना प्रभारी बागवाला ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक 4 भाई थे और यह दोनोें बड़े थे। गांव में ही रहकर खेती करते थे।
मृतक विनीत का फाइल फेोटो