एटा। प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को सब जूनियर बालिका कबड्डी व फुटबॉल का ट्रायल आयोजित किया जाएगा। शहर के स्टेडियम में आयोजन किया जाएगा।
उप क्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट ने सोमवार को बताया कि ट्रायल मंगलवार को सुबह 11 बजे जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इसमें इच्छुक खिलाड़ी अपना ट्रायल दे सकते हैं। वहीं स्टेडियम में कबड्डी के भी ट्रायल बालिका वर्ग में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए खिलाड़ी का जन्म 1 जनवरी 2010 के बाद का होना चाहिए। फुटबॉल के चयनित खिलाड़ी 19 सितंबर को मंडल स्तर पर ट्रायल देने के लिए भेजे जाएंगे।
वहीं कबड्डी के चयनित खिलाड़ी भी मंडल स्तर पर 19 सितंबर को अलीगढ़ में महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि फुटबॉल की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता आगरा में आयोजित होगी। वहीं कबड्डी की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता कासगंज में होगी। उन्होंने अपील की है कि जो खिलाड़ी ट्रायल देना चाहता है वह अपने आधार कार्ड की मूल प्रति और एक छायाप्रति साथ लेकर स्टेडियम में पहुंचे।