बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 3 बजे शहर के आगरा रोड पर ईशन नदी की सकरी पुलिया पर मक्का लेकर जा रहे ट्रक और डस्ट से भरे हुए डंपर में भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। डंपर का चालक राजवीर निवासी धौलपुर राजस्थान केबिन में बुरी तरह से फंस गया। जब तक सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची और आग को बुझाया गया तब तक राजवीर जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है।
लगभग 4 घंटे तक पूरी तरह से बंद रहा यातायात
घटना के बाद पुलिया सकरी होने की वजह से दोनों और बुरी तरह से वाहन जाम में फंस गए। जिसके चलते लगभग 4 घंटे तक मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचे यातायात प्रभारी अनिल कुमार और कोतवाली नगर व देहात की पुलिस ने बुलडोजर के माध्यम से वाहनों को हटवाकर यातायात को चालू किया।