एटा के जलेसर के एक युवक की मौत महाराष्ट्र में फंदा लगने से हो गई। शव लेकर आए उसके साथियों को परिजन व ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। थाना क्षेत्र के गांव फादिलपुर का यह मामला है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। करीब 12 घंटे पंचायत चली। तीन लाख रुपये में समझौता होने के बाद मामला निपटा।
गांव के रामचंद्र का 25 वर्षीय पुत्र विपिन हलवाई कारीगर था। पिलुआ के प्रवीन यादव का महाराष्ट्र में मिठाई की दुकान और कैटरिंग का कारोबार है। विपिन करीब 10 साल से प्रवीन के साथ महाराष्ट्र में हिनौली जिले के कस्बा वसमत में काम कर रहा था। बुधवार सुबह यहां शव लेकर पहुंचे प्रवीन ने परिजन को बताया कि 23 जून की रात को विपिन ने फांसी लगाकर जान दे दी। महाराष्ट्र पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। दूरी अधिक होने पर परिजन पहुंच नहीं सके।