एटा। बुलेट की चपेट में आने से पैदल जा रहे मोबाइल टावर कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि ननिहाल से लौट रहे बाइक सवार युवक की भारी वाहन के रौंदने से जान चली गई। वहीं, एक सप्ताह पूर्व हादसे में घायल वृद्ध ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने तीनों शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं।
थाना मिरहची क्षेत्र के गांव जारथल के पास पैदल जा रहे मोबाइल टावर कर्मचारी अवधेश कुमार (35) पुत्र बिजेंद्र सिंह निवासी उद्दैमपुर थाना मिरहची बुलेट की चपेट में आने से शनिवार की रात करीब आठ बजे गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल लाई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया है कि वह टावर के कार्य से गए थे और पैदल आते समय बुलेट की चपेट में आ गए।
मृतक की पत्नी बीनादेवी ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। वहीं, थाना जलेसर क्षेत्र के गांव रामगढ़ी के पास शनिवार की रात करीब आठ बजे भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सुशील उर्फ सुनील (40) पुत्र बच्चू सिंह निवासी नगला लक्षी थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस की मौत हो गई। युवक अपनी ननिहाल अंगदपुर से गांव लौट रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सई के पास 24 अक्तूबर को मैक्स की चपेट में आने से साइकिल सवार दामोदर सिंह (50) पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी कर्मपुर गढिय़ा थाना गंजडुंडवारा जिला कासगंज घायल हो गए थे। आगरा में इलाज के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई।