गांव छोटी जरारी में रविवार दोपहर बीस फुट बोरिंग में नीचे उतरकर पंपसेट का बोल्ट कसते समय किसान सत्यपाल के ऊपर मिट्टी की ढाय गिर पड़ी। वह मिट्टी के नीचे दब गए। तमाम कोशिश के बाद भी उनके जीवन को बचाया नहीं जा सका। पांच घंटे के रेस्क्यू आपरेशन के बाद उनके शव को बोरिंग से निकाला गया।
थाना जैथरा के गांव छोटी जरारी निवासी सत्यपाल (55) पुत्र बालकराम ने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। खेत में पानी लगाने के लिए रविवार दोपहर को वह अकेले ही खेत पर पहुंचे थे। खेत के पास ही सत्यपाल की बीस फुट गहरी बोरिंग भी है। खेत पर पानी लगाने के लिए दोपहर करीब बारह बजे बोरिंग में उतरकर वह पंपसेट का बोल्ट कस रहे थे, तभी अचानक मिट्टी की ढाय भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। मिट्टी के नीचे वह दब गए। ग्रामीणों ने परिवारीजनों और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। सूचना की जानकारी लगते थानाध्यक्ष कैलाश दुबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। राहत कार्य में जुट गए। करीब आधा घंटा बाद एसडीएम अलीगंज चंदन कुमार पटेल , तहसीलदार आनंद कुमार भी पहुंच गए। जेसीबी से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू किया। एक जेसीबी से मिट्टी हटती न देख प्रशासन को करीब आधा घंटे बाद दो ओर जेसीबी बुलानी पड़ी । कई थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया था। सांय करीब पांच बजे किसान को बोरिंग से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सांसे चलती देख जिला अस्पताल भेज दिया था लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किसान सत्यपाल के बच्चे भुवनेश ,कमलेश ,देवेश कुमारी, साधना अधिकारियों से पिता को बचाने की गुहार लगा रहे थे।
बचाने के लिए मांग रहे थे, दुआ, लगा रहे थे नारे
जैथरा। घटना के बाद जिस किसी को भी जानकारी हुई , वह दौड़े - दौड़े घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। हजारों की संख्या में मौजूद ग्रामीण भगवान श्रीकृष्ण,जय माता दी के नारे लगा रहे थे। और सकुशल बाहर निकले ,इसके लिए भगवान से दुआ भी मांग रहे थे।
घटनाक्रम मिनट दर मिनट
दोपहर 12:20 बजे बोरिंग में बोल्ट कसने नीचे उतरा किसान
दोपहर 12:30 बजे अचानक मिट्टी की ढाय सत्यपाल के ऊपर गिरी
दोपहर 1:00 बजे थानाध्यक्ष पहुंचे, जेसीबी से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू
दोपहर 1:30 मिट्टी न हटती देख दूसरी जेसीबी बुलाई पड़ी।
दोपहर 1:55 प्रशासन ने एक ओर जेसीबी मंगाई
दोपहर 2:00 एसडीएम ,तहसीलदार ,लेखपाल घटनास्थल पर पहुंचे
सांय 5:00 काफी प्रयासों के बाद किसान सत्यपाल को बाहर निकाला गया
सायं 5.05 प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के लिए रवाना
सांय 5:30 जिला अस्पताल लाए, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित