एटा। सर्दी से पीड़ित तीन वर्षीय मासूम बालक को मंगलवार देर शाम परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
मैनपुरी के मोहल्ला मिश्राना निवासी संदीप ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि 3 वर्षीय बेटे श्रेयांस को लगभग पांच दिन से सर्दी लगी हुई थी। उसे लगातार बुखार भी आ रहा था। स्थानीय चिकित्सक को दिखाया तो कोई लाभ नहीं हुआ। मंगलवार को श्रेयांस की तबीयत अचानक से बिगड़ गई। सर्दी के कारण वह कांपने लगा। उसकी यह हालत देखकर घबरा गए और जिला चिकित्सालय मैनपुरी पहुंचे। वहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां इमरजेंसी में लेकर आए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसर गया। माता-पिता के साथ ही अन्य लोगों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।