एटा। कस्बा जलेसर के मोहल्ला गोलनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर मूर्तियां, बर्तन और आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है। उसके पास से पीली धातु की मूर्तियों के साथ बर्तन और 180 रुपये बरामद किए हैं।
कस्बा व थाना जलेसर के मोहल्ला गोलनगर निवासी बंटू ने 11 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी से मूर्तियां, बर्तन और आभूषण चोरी कर लिए गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। रविवार को पुलिस ने इसौली से जलेसर रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास जितेंद्र निवासी गांव बहरार थाना सकरौली को दोपहर करीब 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से मां दुर्गा, रामदरबार और शिवजी की एक-एक मूर्ति, सफेद धातु की थाली, दो कटोरी, एक गिलास और 180 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार दीक्षित, उपनिरीक्षक रविराज, कांस्टेबल नईम सैफी और पंकज शामिल रहे। संवाद