एटा। तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तीन लोगों को लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिजन ने बताया कि तीनों को हार्ट अटैक के बाद अस्पताल लाया गया था।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रविवार की रात 9 बजे किसान उदयवीर (50) निवासी लालडुंडवारा को परिजन लेकर आए। भाई सोनवीर ने बताया कि शाम के वक्त वह खाना खाकर चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान सीने में तेजी से दर्द हुआ। उन्हें इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रात करीब 10ः40 बजे जवाहर सिंह (50) निवासी दुहाई को परिजन लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह करीब 11ः30 बजे धर्मेंद्र (45) निवासी चमकरी को परिजन लेकर आए। भाई जितेंद्र ने चिकित्सक को बताया कि उन्हें कई दिनों से सांस फूलने की दिक्कत थी। सुबह के वक्त उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ। इसके बाद इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।