अलीगंज पुलिस की गिरफ्त में चोरी के आरोपी। स्रोत पुलिस विभाग
एटा। अलीगंज क्षेत्र में घरों की दीवार और स्वर्णकार की दुकान काटकर चोरी करने की तीन वारदात का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना अलीगंज पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की है। नितिन पर चोरी के आभूषण खपाने में शामिल होने का आरोप है।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कन्हैया निवासी लालपुर नई बस्ती और नितिन कुमार सुनार निवासी मोहल्ला जय-जयराम सहावर गेट जिला कासगंज व गब्बर उर्फ हरिश्चंद्र निवासी गांव कुइया मठ मढ़इया थाना मऊ दरवाजा जिला फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 650 ग्राम चांदी के आभूषण और 7100 रुपये बरामद किए हैं। मामले में गिरोह का एक अन्य आरोपी लालू उर्फ लल्लू को बृहस्पतिवार की रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया कि अलीगंज क्षेत्र में आठ अगस्त की रात घर की दीवार काटकर चोरी की गई थी। इसके बाद 10 अगस्त की रात भी एक घर में चोरी हुई। 17 अगस्त की रात सुनार की दुकान को काटकर आभूषण चोरी किए गए थे। जांच के दौरान सामने आए आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में अलीगंज थाना प्रभारी रुपेश वर्मा, स्वाट प्रभारी एसके निगम और सर्विलांस प्रभारी सुशील लाम्बा की टीमें शामिल रहीं।