एटा के थाना जैथरा और रिजोर क्षेत्र में रविवार को बाइकें आपस में टकरा गईं। इन हादसों में चाचा-भतीजा सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
थाना जैथरा के गांव कुंवरपुर निवासी राहुल ने बताया कि वह छोटे भाई विजय कुमार (17) के साथ कस्बा जैथरा में एक दावत खाने गया था। रविवार की देर शाम वहां से लौटते समय गांव से कुछ दूर पहले ही बालाजी डिग्री कॉलेज के सामने दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दोनों ही भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। राहुल की हालत को नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है।
दूसरा हादसा रिजोर थाना क्षेत्र में हुआ। गांव फरीदा गोकुल थाना एक जिला फिरोजाबाद निवासी श्याम सिंह (38) और हरवीर (30) कासगंज जिले के गांव नगला मोड़ा में स्थित रिश्तेदारी में नामकरण संस्कार की दावत के लिए बाइक से गए थे। दावत खाने के बाद वहां से रविवार देर शाम वापस कर लौट रहे थे। तभी शिकोहाबाद रोड पर रामनगर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में इन दोनों के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार आजाद नगर थाना व जिला फिरोजाबाद निवासी संगीता और उनका भांजा सनी भी घायल हो गए।