एटा। जिले में आतिशबाजी की बिक्री को लेकर बृहस्पतिवार की शाम को स्थिति स्पष्ट हो गई। बृहस्पतिवार को बिक्री के लिए तीन और क्लस्टर बढ़ाए गए हैं। अब पूरे जनपद में कुल छह स्थानों पर ही आतिशबाजी की बिक्री हो सकेगी। तहसीलवार दो-दो क्लस्टर आतिशबाजी बिक्री के लिए तय किए गए हैं।
दिवाली के लिए तीन दिन आतिशबाजी की दुकानें लगाने का आदेश है। छह से आठ नवंबर तक (धनतेरस से दिवाली) तक आतिशबाजी की बिक्री होगी। हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शासन गंभीर है। इसके चलते इस बार 50 दुकानों का क्लस्टर बनाकर वहां दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खड़ी करने का नियम प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।
फायर ब्रिगेड वाहनों की कमी के चलते पहले एटा, अलीगंज और जलेसर तहसील मुख्यालयों पर ही एक-एक क्लस्टर बनाया गया था। इससे अवागढ़ जैथरा, धुमरी, मारहरा, मिरहची, निधौली कलां, सकीट, मलावन समेत कई कस्बों में दुकानें नहीं लगने के आदेश से व्यापारियों के होश उड़ गए। वह लाखों रुपये का माल बिक्री के लिए खरीद चुके हैं।
दुकानें बढ़ाने की मांग को लेकर संगठनों ने प्रदर्शन भी किया। इसके बाद अधिकारियों ने पुनर्विचार किया। अग्निशमन विभाग ने सीमेंट फैक्ट्री और अन्य स्थानों से अतिरिक्त फायर वाहनों के इंतजाम किए। कुल 12 वाहनों की व्यवस्था होने के कारण तीन और आतिशबाजी बिक्री स्थल बढ़ाकर छह स्थानों पर मुहर लग गई है। राजकीय आईटीआई मैदान एटा, जैथरा-धुमरी के बीच खाली स्थान और अवागढ़ में बंद पेट्रोल पंप के सामने आतिशबाजी की बिक्री होगी।
-
कई कस्बों के व्यापारियों का नुकसान
नए नियमों के चलते निधौली कलां, मलावन, सकीट, मारहरा, मिरहची के व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। इनके व्यापारियों कस्बे से करीब 20-22 किलोमीटर दूर दुकानें लगाने के लिए जाना पड़ेगा। ऐसे में उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
यह तय किए गए स्थान
एटा तहसील- नुमाइश ग्राउंड और राजकीय आईटीआई कॉलेज का मैदान कासगंज रोड
जलेसर तहसील- एमजीएम इंटर कॉलेज जलेसर, अवागढ़ में बंद पेट्रोल पंप के सामने
अलीगंज तहसील- डीएवी इंटर कॉलेज अलीगंज, जैथरा-धुमरी के बीच खाली स्थान पर
अवागढ़ में पटाखा दुकानों को मिली अनुमति, व्यापारियों में खुशी
अवागढ़। नगर में पटाखा बिक्री के लिए अनुमति मिलने के बाद व्यापारियों में खुशी की लहर है। पहले प्रतिबंध के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया था। अब मांग पूरी होने पर व्यापारी राहत महसूस कर रहे हैं संवाद